जयपुर, 10 जनवरी 2026: राजस्थान की राजधानी जयपुर के मानसरोवर इलाके में शुक्रवार रात एक तेज रफ्तार लग्जरी कार ने भीषण हादसा कर दिया। पत्रकार कॉलोनी के खरबास सर्किल के पास करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही एक बेकाबू ऑडी कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों और खाने-पीने की दुकानों को रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में 11 से अधिक लोग घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, हादसे के समय ऑडी कार में चार लोग सवार थे और सभी के शराब के नशे में होने की आशंका है। मृतक की पहचान रमेश बैरवा के रूप में हुई है। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दो कारें सड़क पर रेस लगा रही थीं। इसी दौरान चूरू निवासी दिनेश रणवांन द्वारा चलाई जा रही ऑडी कार तेज रफ्तार में बेकाबू हो गई। कार पहले डिवाइडर से टकराई, फिर सड़क किनारे लगे फूड स्टॉल्स को कुचलते हुए एक पेड़ से जा टकराई, जहां जाकर वह रुकी।
हादसे के बाद भीड़ ने कार में सवार एक युवक को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि मुख्य आरोपी चालक दिनेश रणवांन समेत तीन लोग फरार हो गए। फरार आरोपियों में जयपुर पुलिस का एक कांस्टेबल भी शामिल बताया जा रहा है।
डीसीपी (दक्षिण जयपुर) राजश्री राज वर्मा ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।






