रेल मंत्री ने जारी किया स्मारक सिक्का और डाक टिकट
नई दिल्ली, 10 जनवरी 2026: भारतीय रेल के विद्युतीकरण के 100 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 100 रुपये का विशेष स्मारक सिक्का और एक डाक टिकट जारी किया। यह भव्य समारोह राजधानी दिल्ली के द्वारका स्थित इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर (यशोभूमि) में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर रेल मंत्री ने देशभर से चयनित रेलकर्मियों को 70वां अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार प्रदान कर उनके उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विद्युतीकरण ने भारतीय रेल को आधुनिक, पर्यावरण अनुकूल और अधिक दक्ष परिवहन प्रणाली बनाने में अहम भूमिका निभाई है।
प्रसिद्ध मुद्राशास्त्री सुधीर लुणावत के अनुसार, 100 रुपये का यह स्मारक सिक्का कोलकाता टकसाल में तैयार किया गया है, जो भारतीय रेल के गौरवशाली इतिहास और तकनीकी प्रगति का प्रतीक है।
समारोह में रेल अधिकारियों, कर्मचारियों और आमंत्रित अतिथियों की उपस्थिति में भारतीय रेल की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर भी प्रकाश डाला गया। यह आयोजन न केवल अतीत की उपलब्धियों का स्मरण था, बल्कि आने वाले वर्षों में भारतीय रेल को और सशक्त बनाने के संकल्प का भी प्रतीक बना।






