HomeNationalनेहा कक्कड़ का गाना ‘कैंडी शॉप’ विवादों में, बाल अधिकार आयोग तक...

नेहा कक्कड़ का गाना ‘कैंडी शॉप’ विवादों में, बाल अधिकार आयोग तक पहुंचा मामला

पटियाला/नई दिल्ली 10 जनवरी 2026 : बॉलीवुड गायिका नेहा कक्कड़ का नया गाना “कैंडी शॉप” कथित अश्लील बोलों और आपत्तिजनक डांस मूव्स को लेकर विवादों में घिर गया है। इस संबंध में पंजाब राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग (SCPCR) के पास शिकायत दर्ज करवाई गई है, जिसे गंभीर मानते हुए आयोग ने राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR), नई दिल्ली को भेज दिया है।

शिकायतकर्ता डॉ. धनेंद्र शास्त्री ने आरोप लगाया है कि यह गाना बच्चों के मानसिक विकास पर नकारात्मक प्रभाव डालता है। उन्होंने नेहा कक्कड़ के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग करते हुए गाने को यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से हटाने के निर्देश जारी करने की अपील की है।

डॉ. शास्त्री का कहना है कि “कैंडी शॉप” गाने में “कैंडी” और “लॉलीपॉप” जैसे शब्दों और प्रतीकों का इस्तेमाल बच्चों को आकर्षित करने के लिए किया गया है, जबकि इसके विजुअल्स और अर्थ बच्चों के लिए पूरी तरह अनुचित हैं। इससे बच्चे इस कंटेंट को बार-बार देखते हैं, जो उनके मानसिक विकास को प्रभावित कर सकता है।

यह गाना करीब तीन हफ्ते पहले रिलीज हुआ था और अब तक इसे 20 मिलियन से अधिक व्यूज मिल चुके हैं। नए साल की पार्टी थीम पर आधारित इस गाने को लेकर सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कई यूजर्स ने इसके डांस स्टेप्स को “अशोभनीय” बताते हुए इसे बी-ग्रेड कंटेंट करार दिया है। प्रसिद्ध शास्त्रीय गायिका मालिनी अवस्थी ने भी इस पर आपत्ति जताई है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि यह गाना पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 22 जुलाई 2019 के आदेशों का उल्लंघन करता है, जिसमें बच्चों को नकारात्मक रूप से प्रभावित करने वाली सामग्री के प्रसार पर चिंता जताई गई थी।

मामले की जांच के बाद पंजाब राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने माना कि यह मुद्दा केवल पंजाब तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर बच्चों के अधिकारों से जुड़ा हुआ है। इसी आधार पर पूरी फाइल राष्ट्रीय आयोग को भेज दी गई है और नेहा कक्कड़ के खिलाफ उचित कार्रवाई की सिफारिश की गई है।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि बाल अधिकार संरक्षण अधिनियम, 2005 के तहत उसे शिकायतों की जांच करने, स्वतः संज्ञान लेने और सिविल अदालत जैसी शक्तियों का प्रयोग करने का अधिकार प्राप्त है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments