चंडीगढ़, 8 जनवरी 2026: इस वर्ष हरियाणा की झांकी “कर्तव्य पथ” (पूर्व में राजपथ) पर आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में शामिल नहीं की जाएगी। इससे पहले लगातार चार वर्षों तक हरियाणा की झांकी गणतंत्र दिवस परेड में प्रदर्शित होती रही थी। इस बार राज्य सरकार की ओर से हिसार स्थित राखीगढ़ी को लेकर एक प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन रक्षा मंत्रालय ने नियमों का हवाला देते हुए इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया।
जानकारी के अनुसार, रक्षा मंत्रालय ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर होने वाली परेड के लिए देश के 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की झांकियों को मंजूरी दी है। अधिकारियों का कहना है कि एक रोटेशन प्रणाली लागू की गई है, ताकि सभी राज्यों को समय-समय पर अपनी झांकियां प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके। इसी के तहत इस वर्ष उन राज्यों को प्राथमिकता दी गई है, जिनकी झांकियां पिछले कुछ वर्षों से “कर्तव्य पथ” पर नहीं दिखाई गई थीं।
उल्लेखनीय है कि हरियाणा की झांकियां पूर्व में कई महत्वपूर्ण विषयों पर प्रदर्शित की जा चुकी हैं। वर्ष 2015 में ‘सुल्तान बर्ड सेंचुरी’, 2017 में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’, 2022 में ‘खेलों में हरियाणा नंबर एक’, 2023 में ‘अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव’, 2024 में ‘मेरा परिवार, मेरी पहचान’ और 2025 में ‘समृद्ध हरियाणा – विरासत और विकास’ विषयों पर राज्य की झांकियां गणतंत्र दिवस परेड में शामिल की गई थीं।






