चंडीगढ़, 8 जनवरी 2026: हरियाणा सरकार के विभिन्न विभागों में कार्यरत ग्रुप-डी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी सामने आई है। राज्य सरकार जल्द ही ग्रुप-डी कर्मचारियों को पदोन्नति देने की प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। इस संबंध में मुख्य सचिव स्तर पर कार्रवाई तेज कर दी गई है और सभी विभागों से आवश्यक जानकारी मांगी गई है।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश जारी किए हैं कि वे ग्रुप-डी कर्मचारियों की पदोन्नति से भरे जाने वाले ग्रुप-सी पदों से संबंधित विस्तृत जानकारी तीन दिनों के भीतर उपलब्ध कराएं। सभी विभागों को यह बताना होगा कि उनके यहां ग्रुप-सी के कितने पद रिक्त हैं, जिन पर ग्रुप-डी कर्मचारियों को प्रमोट किया जा सकता है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि सभी विभाग निर्धारित एक्सेल फॉर्मेट में ई-मेल के माध्यम से यह जानकारी भेजेंगे। मांगी गई जानकारी में पद का नाम, विभागीय सेवा नियमों के अनुसार योग्यता मानदंड, स्वीकृत पदों की संख्या और वर्तमान में रिक्त पदों की स्थिति शामिल होगी।
जैसे ही विभागों से यह विवरण प्राप्त होगा, पदोन्नति की अगली प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। सरकार के इस कदम से ग्रुप-डी कर्मचारियों को एक महत्वपूर्ण तोहफा मिलने की उम्मीद है और लंबे समय से प्रतीक्षित उनकी तरक्की का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है।






