15 जनवरी से योजना की औपचारिक शुरुआत, कॉमन सर्विस सेंटरों पर बनेंगे कार्ड: सीनियर आप नेता राजिंदर मोहन
पटियाला, 8 जनवरी, 2026 : पंजाब सरकार द्वारा प्रदेश के लोगों को बड़ी स्वास्थ्य सुविधा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना की शुरुआत 15 जनवरी से की जा रही है, जिसके अंतर्गत पंजाब के हर परिवार को ₹10 लाख तक का मुफ्त और कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। यह जानकारी सीनियर आम आदमी पार्टी नेता राजिंदर मोहन ने अपने बयान में दी।
सीनियर आप नेता राजिंदर मोहन ने कहा कि मान सरकार द्वारा शुरू की जा रही यह योजना राज्य के आम लोगों के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगी। इस योजना की औपचारिक शुरुआत मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा संयुक्त रूप से की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत पंजीकरण प्रक्रिया को बिल्कुल सरल रखा गया है। पूरे पंजाब में 9,000 से अधिक कॉमन सर्विस सेंटरों (CSC) पर लोग आसानी से अपने स्वास्थ्य बीमा कार्ड बनवा सकेंगे। उन्होंने बताया कि अगले 3 से 4 महीनों में राज्य के सभी परिवारों के कार्ड तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह योजना बिना किसी शर्त के हर परिवार के लिए लागू होगी और कार्ड बनने के बाद परिवार का कोई भी सदस्य सूचीबद्ध अस्पतालों में मुफ्त इलाज करवा सकेगा। इसमें गंभीर बीमारियाँ, सर्जरी और महंगे उपचार भी शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना से गरीब, मध्यम वर्ग और आम लोगों को महंगे इलाज के बोझ से बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर पर जाकर समय पर अपना पंजीकरण करवाएँ, ताकि इस क्रांतिकारी स्वास्थ्य योजना का पूरा लाभ उठाया जा सके।
फोटो: सीनियर आप नेता राजिंदर मोहन जानकारी देते हुए






