CM मान ने जताई आपत्ति
चंडीगढ़, 7 जनवरी 2026: भारतीय खाद्य निगम (FCI) के जनरल मैनेजर की नियुक्ति को लेकर केंद्र सरकार और पंजाब सरकार के बीच विवाद खड़ा हो गया है। केंद्र सरकार ने इस पद के लिए यूटी/एजीएमयूटी कैडर की अधिकारी नीतिका पंवार के नाम की सिफारिश की है, जिस पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कड़ा एतराज जताया है।
मुख्यमंत्री मान ने इस संबंध में केंद्र सरकार को पत्र लिखकर फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की है। अपने पत्र में उन्होंने कहा कि यूटी कैडर के अधिकारी की नियुक्ति लंबे समय से चली आ रही प्रशासनिक परंपराओं और व्यावहारिक जरूरतों के खिलाफ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि FCI के जनरल मैनेजर पद पर अब तक हमेशा पंजाब कैडर के अधिकारियों की ही नियुक्ति होती रही है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि पंजाब सरकार पहले ही अपने अधिकारियों का एक पैनल केंद्र को सौंप चुकी है। यदि नए पैनल की आवश्यकता है तो राज्य सरकार उसे तुरंत उपलब्ध कराने के लिए तैयार है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि वर्ष 1965 में FCI की स्थापना के बाद से अब तक इस पद पर केवल पंजाब कैडर के आईएएस अधिकारियों ने ही जिम्मेदारी निभाई है। कुल 37 अधिकारियों ने अब तक यह पद संभाला है, जिनमें से 23 नियमित नियुक्तियां थीं और सभी पंजाब कैडर से संबंधित रहे हैं।
इस मुद्दे ने एक बार फिर केंद्र-राज्य संबंधों और प्रशासनिक परंपराओं को लेकर बहस को तेज कर दिया है।






