रादौर, 4 जनवरी 2026: एस.के. मार्ग पर निर्माणाधीन अंबाला–शामली एक्सप्रेसवे के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटर सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में खनन सामग्री से लदी ट्रॉली ने स्कूटर सवार को कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए यमुनानगर भेज दिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान गांव अलाहर निवासी सतबीर के रूप में हुई है। रादौर थाना प्रभारी आनंद प्रकाश ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ट्रॉली चालक फरार हो चुका था। हालांकि, ट्रॉली को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।





