वाराणसी (उत्तर प्रदेश), 4 जनवरी 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को घोषणा की कि भारत 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए सक्रिय रूप से बोली लगाने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि फीफा अंडर-17 वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और कई अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों की सफल मेजबानी का अनुभव भारत की बड़ी ताकत है।
वाराणसी में 72वीं राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने बताया कि भारत 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की भी मेजबानी करेगा, जिससे खेल अवसंरचना के विकास को और गति मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS) जैसी योजनाओं से देश में खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और संसाधन मिले हैं। उन्होंने वॉलीबॉल को संतुलन, सहयोग और इच्छाशक्ति का प्रतीक बताते हुए इसे भारत की विकास यात्रा से जोड़ा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में देशभर में आधारभूत ढांचे का व्यापक विकास हुआ है और खेल अब समग्र विकास का माध्यम बन गए हैं।





