10 जनवरी तक विशेष आदेश लागू
चंडीगढ़, 4 जनवरी 2026: लगातार बढ़ती ठंड और घने कोहरे की संभावना को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने स्कूलों के समय में अस्थायी बदलाव के आदेश जारी किए हैं। चंडीगढ़ शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, शहर के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में 10 जनवरी 2026 तक विशेष व्यवस्था लागू रहेगी।
आदेशों के तहत कक्षा 1 से 8 तक और गैर-बोर्ड कक्षाओं (कक्षा 9वीं और 11वीं) के लिए स्कूल शारीरिक रूप से नहीं खोले जाएंगे। हालांकि, इन कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए स्कूल सुबह 9:00 बजे के बाद ऑनलाइन कक्षाएं संचालित कर सकेंगे। स्कूल स्टाफ की ड्यूटियां भी इसी के अनुसार निर्धारित की जाएंगी।
बोर्ड कक्षाओं के लिए सीमित समय में स्कूल खुलेंगे
कक्षा 10वीं और 12वीं (बोर्ड कक्षाएं) के लिए स्कूलों को सीमित घंटों के लिए खोलने की अनुमति दी गई है। इन कक्षाओं के लिए स्कूल सुबह 9:30 बजे से पहले और दोपहर 3:30 बजे के बाद संचालित नहीं होंगे। प्री-बोर्ड परीक्षाओं में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए स्कूलों को इन निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा गया है।
डबल शिफ्ट में चलने वाले स्कूलों के प्रिंसिपल या हेड टीचर आवश्यकतानुसार शाम की शिफ्ट के स्टाफ को सुबह की शिफ्ट में बुला सकते हैं, ताकि कार्य सुचारू रूप से चलता रहे।
ये आदेश डायरेक्टर स्कूल एजुकेशन नीतिश सिंगला द्वारा जारी किए गए हैं। प्रशासन ने सभी स्कूल प्रमुखों से अपील की है कि वे विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इन निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें।






