श्रीनगर, 4 जनवरी 2026: देश की रक्षा करते हुए पंजाब के एक और वीर सपूत के शहीद होने की खबर सामने आई है। श्रीनगर के अनंतनाग में तैनात भारतीय सेना के जवान प्रगट सिंह का ड्यूटी के दौरान अचानक निधन हो गया। प्रगट सिंह पंजाब के अमृतसर जिले के रामदास कस्बे से संबंध रखते थे।
शहादत की खबर मिलते ही रामदास कस्बे सहित पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहीद प्रगट सिंह का जन्म 28 अक्टूबर 1994 को हुआ था और वे 23 दिसंबर 2015 को भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। उन्होंने देश सेवा में करीब एक दशक तक अपनी सेवाएं दीं।
शहीद जवान का पार्थिव शरीर आज दोपहर बाद हवाई मार्ग से श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, राजासांसी (अमृतसर) पहुंचेगा। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक कस्बे रामदास में पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा।
देश को अपने इस वीर सपूत पर गर्व है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया।






