नई दिल्ली, 3 जनवरी 2026: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का निरीक्षण किया। यह ट्रेन गुवाहाटी से कोलकाता के बीच चलेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सीआरएस निरीक्षण व प्रमाणन के बाद जल्द ही इसका उद्घाटन किया जाएगा।
रेल मंत्री ने बताया कि ट्रेन में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। इसमें एर्गोनॉमिक सीढ़ियां, एडजस्टेबल लाइट शेड्स, ब्रेल लिपि में सीट नंबर, सीसीटीवी कैमरे और अत्याधुनिक ‘कवच’ सुरक्षा प्रणाली लगाई गई है। ट्रेन का किराया भी किफायती रखा गया है।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शाम को रवाना होकर अगली सुबह गंतव्य पर पहुंचेगी। 31 दिसंबर को कोटा–नागदा सेक्शन पर हुए सफल ट्रायल के दौरान ट्रेन ने 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार हासिल की थी, जिसे सीआरएस ने संतोषजनक बताया।






