चंडीगढ़, 2 जनवरी 2026: पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में आयोजित एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राज्यवासियों के लिए बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार की ओर से 15 जनवरी को ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना’ की शुरुआत की जा रही है, जिससे प्रदेश के करीब 3 करोड़ लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आगामी तीन से चार महीनों के भीतर पंजाब के सभी नागरिकों के कैशलेस स्वास्थ्य बीमा कार्ड तैयार कर लिए जाएंगे। उन्होंने जानकारी दी कि इस योजना को लागू करने के लिए पंजाब सरकार का यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी के साथ समझौता हो चुका है।
डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि इस योजना के तहत राज्य के लोगों को 10 लाख रुपये तक का इलाज पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराया जाएगा। पंजाब का हर निवासी इस योजना का लाभ लेने का पात्र होगा। यह योजना पूरी तरह कैशलेस स्वास्थ्य बीमा प्रणाली पर आधारित होगी, जिससे मरीजों को इलाज के दौरान नकद भुगतान से राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य आम जनता को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है और यह नई योजना इसी दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के माध्यम से घर-घर तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचेंगी और आम लोगों को महंगे इलाज से राहत मिलेगी।






