30 दिसंबर 2025: अगर आप नए साल की पार्टी की तैयारी के लिए Swiggy, Zomato, Blinkit और Zepto जैसी ऐप्स पर निर्भर हैं, तो यह खबर आपकी चिंता बढ़ा सकती है। गिग और प्लेटफॉर्म डिलीवरी वर्कर्स ने 31 दिसंबर को अखिल भारतीय हड़ताल का ऐलान किया है, जिसका असर न्यू ईयर ईव पर फूड, ग्रॉसरी और ई-कॉमर्स डिलीवरी सेवाओं पर पड़ सकता है।
यह हड़ताल तेलंगाना गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स यूनियन तथा इंडियन फेडरेशन ऑफ ऐप-आधारित ट्रांसपोर्ट वर्कर्स द्वारा बुलाई गई है। यूनियनों का कहना है कि त्योहारों के मौसम में डिलीवरी वर्कर्स पर काम का अत्यधिक दबाव होता है, जबकि उनकी कमाई घटती जा रही है। अनिश्चित कार्य घंटे और सुरक्षा की कमी भी बड़ी समस्याएं हैं। इसी के विरोध में 25 दिसंबर और 31 दिसंबर को देशभर में काम बंद करने का फैसला लिया गया है।
वर्कर्स का आरोप है कि 10 मिनट जैसी फास्ट डिलीवरी मॉडल उनकी जान के लिए खतरा बन रहे हैं। भारी ट्रैफिक, प्रदूषण और समय के दबाव के कारण दोपहिया वाहन चलाना जोखिमभरा हो जाता है। यूनियनों का कहना है कि एल्गोरिदम आधारित टारगेट वर्कर्स को तेज और असुरक्षित तरीके से वाहन चलाने के लिए मजबूर करते हैं। इसके अलावा, कई बार बिना स्पष्ट कारण आईडी ब्लॉक कर दी जाती है, जिससे उनकी रोज़ी-रोटी प्रभावित होती है।
क्रिसमस और न्यू ईयर ईव को फूड डिलीवरी और ऑनलाइन शॉपिंग का पीक सीजन माना जाता है। ऐसे में इस हड़ताल का असर मेट्रो शहरों के साथ-साथ कई टियर-2 शहरों में भी दिख सकता है। गुरुग्राम के कुछ इलाकों में Instamart, Zepto और Blinkit की त्वरित डिलीवरी सेवाएं पहले ही प्रभावित होने की खबर है। ऐसे में नए साल की पार्टी के लिए आखिरी समय में ऑर्डर करना मुश्किल हो सकता है।






