शिवराज चौहान के घोटाले के आरोपों पर AAP का पलटवार
चंडीगढ़/दिल्ली, 30 दिसंबर 2025: पंजाब में मनरेगा (MGNREGA) को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। एक ओर पंजाब सरकार विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर केंद्र सरकार को घेर रही है, वहीं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब सरकार पर मनरेगा फंड में बड़े घोटाले के गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिवराज सिंह चौहान ने दावा किया कि पंजाब में मनरेगा कार्यों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र द्वारा गरीबों के लिए भेजी गई राशि सही लाभार्थियों तक नहीं पहुंच रही है। केंद्रीय मंत्री के अनुसार पंजाब से 10,653 मामलों में गड़बड़ियां पाई गई हैं, जहां कई जगह काम केवल कागजों में दिखाया गया, जबकि ज़मीनी स्तर पर कोई कार्य नहीं हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि बार-बार रिपोर्ट मांगने के बावजूद राज्य सरकार फंड के सही उपयोग का विवरण देने में असफल रही है।
केंद्रीय मंत्री के इन आरोपों पर पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार “घोटाले” का बहाना बनाकर पंजाब के गरीब मजदूरों के हक को रोक रही है। अरोड़ा ने सवाल उठाया कि अगर वास्तव में कोई घपला है तो केंद्र जांच क्यों नहीं कराता और सिर्फ फंड रोककर मजदूरों को परेशान क्यों किया जा रहा है।
इस आरोप-प्रत्यारोप के बीच आज शुरू हो रहे पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र में भारी हंगामे के आसार हैं। आम आदमी पार्टी के विधायक केंद्र के आरोपों का जवाब देने के लिए 10 लाख चिट्ठियां और हलकों से जुड़े रिकॉर्ड लेकर सत्र में पहुंचे हैं। वहीं, विपक्ष भी शिवराज चौहान द्वारा लगाए गए घोटाले के आरोपों पर सरकार से जवाब मांगने की तैयारी में है।






