कश्मीर से राजस्थान तक बढ़ेगी चौकसी
नई दिल्ली, 30 दिसंबर 2025: सीमा सुरक्षा बल (BSF) जल्द ही भारत-पाकिस्तान सीमा और नियंत्रण रेखा (LoC) पर ‘ऑपरेशन सर्द हवा’ शुरू करने जा रहा है। यह विशेष अभियान कश्मीर फ्रंटियर, जम्मू के अहम सुरक्षा चौकियों और राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों में घने शीतकालीन कोहरे का फायदा उठाकर होने वाली घुसपैठ की कोशिशों को नाकाम करने के उद्देश्य से चलाया जाएगा।
BSF अधिकारियों के अनुसार, यह ऑपरेशन जनवरी महीने में उपयुक्त समय पर शुरू होगा और गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र जनवरी के अंत तक जारी रहेगा। इस दौरान सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
जम्मू में तैनात एक अधिकारी ने बताया कि सर्दियों में कोहरा और धुंध घुसपैठ के लिए अनुकूल हालात पैदा करते हैं, इसी को देखते हुए ‘ऑपरेशन सर्द हवा’ के तहत निगरानी और गश्त को कई गुना बढ़ाया जाएगा। कश्मीर फ्रंटियर में रडार आधारित और सेंसर आधारित आधुनिक उपकरणों के साथ-साथ ड्रोन से निगरानी को भी काफी तेज किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि इस ऑपरेशन में विशेष ड्रोन कमांडो, ड्रोन वॉरियर्स और BSF की ‘दुर्गा वाहिनी’ इकाइयों को भी शामिल किया जाएगा, ताकि हवाई निगरानी और मजबूत हो सके। खुफिया इनपुट्स को देखते हुए सीमा पर किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
राजस्थान फ्रंटियर में भी कमांडरों को निर्बाध संचार, नियमित ड्रिल और मजबूत आपात योजना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। थार रेगिस्तान के दुर्गम इलाकों में वाहन और ऊंटों के जरिए गश्त बढ़ाई जाएगी।
‘ऑपरेशन सर्द हवा’ BSF का वार्षिक शीतकालीन सुरक्षा अभ्यास है, जो जम्मू-कश्मीर और राजस्थान में अंतरराष्ट्रीय सीमा और LoC पर चलाया जाता है। इसका उद्देश्य घने कोहरे के दौरान घुसपैठ, तस्करी और अवैध सीमा पार गतिविधियों पर लगाम लगाना है। यह अभियान गर्मियों में चलने वाले ‘ऑपरेशन गरम हवा’ के समानांतर सीमा सुरक्षा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाता है।






