13 लोगों की मौत, करीब 100 घायल
ओआक्साका (मेक्सिको) 29 दिसंबर 2025: मेक्सिको के दक्षिणी राज्य ओआक्साका में एक दर्दनाक रेल हादसा सामने आया है। यहां एक ट्रेन पटरी से उतर गई, जिससे इंजन पलट गया और कई डिब्बे भी पलट गए। इस हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 100 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे के समय ट्रेन मेक्सिको की खाड़ी और प्रशांत महासागर को जोड़ने वाले एक नए रेलवे मार्ग पर चल रही थी। इस रेलवे लाइन का संचालन मेक्सिको की वायुसेना द्वारा किया जा रहा है। मेक्सिको वायुसेना के अनुसार, ट्रेन में कुल 250 लोग सवार थे, जिनमें 9 क्रू मेंबर शामिल थे।
यह हादसा चिवेला और निजांडा कस्बों के बीच एक मोड़ पर हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय प्रशासन और राहत दलों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जानकारी देते हुए बताया कि घायलों में से 5 की हालत गंभीर है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल पर भेजने के निर्देश दिए हैं, ताकि राहत और बचाव कार्य तेज़ी से किया जा सके। साथ ही मृतकों के परिजनों की हर संभव मदद करने और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के आदेश भी दिए गए हैं।
हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।






