बोले– पर्यावरण संरक्षण के लिए सकारात्मक कदम
नई दिल्ली, 29 दिसंबर 2025: वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद राज बब्बर ने अरावली पर्वत श्रृंखला से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा अपने ही आदेश पर रोक लगाए जाने के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में “सकारात्मक और आश्वस्त करने वाला कदम” बताया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर साझा किए गए अपने बयान में राज बब्बर ने कहा कि अरावली को 100 मीटर ऊंचाई के आधार पर परिभाषित करने का निर्णय पर्यावरण की बजाय आर्थिक हितों को प्राथमिकता देने वाला था। उन्होंने कहा कि अब यह बात व्यापक रूप से समझी जा चुकी है, हालांकि इस पूरे विवाद में सरकार के आदेशों में भी कई खामियां रही हैं।
राज बब्बर ने खनन को लेकर सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि भले ही केंद्रीय मंत्री यह कह रहे हों कि नई खनन लीज नहीं दी जाएगी, लेकिन यह फैसला पहले से मौजूद लीज धारकों पर लागू नहीं होता। उन्होंने आशंका जताई कि जिन कंपनियों के पास पहले से खनन लीज हैं, वे अनुकूल परिस्थितियां बनते ही दोबारा खनन शुरू कर सकती हैं, जिससे पर्यावरण को लगातार नुकसान पहुंचता रहेगा।
कांग्रेस नेता ने न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि माननीय सुप्रीम कोर्ट इस गंभीर चिंता को पूरी तरह संज्ञान में लेते हुए मामले की आगे सुनवाई करेगा और अरावली क्षेत्र की पर्यावरणीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देगा।






