जालंधर, 28 दिसंबर 2025:जालंधर पश्चिम के एक भीड़भाड़ वाले इलाके में ज्वेलरी की दुकान पर लूट की कोशिश का मामला सामने आया है। मुंह पर कपड़ा बांधकर आए बदमाशों ने हथियार के बल पर दुकानदार और उसकी पत्नी से लूटपाट करने की कोशिश की, लेकिन दुकानदार दंपती की बहादुरी के आगे बदमाशों को खाली हाथ भागना पड़ा। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
दुकान मालिक विपिन वर्मा ने बताया कि बदमाश चांदी देखने के बहाने दुकान पर आए थे। उन्होंने पहले चांदी की ब्रैसलेट दिखाने को कहा और फिर और डिजाइन दिखाने की मांग की। इसी दौरान एक और बदमाश दुकान में दाखिल हुआ और उसने दुकानदार की पत्नी पर पिस्तौल तान दी।
हालांकि, दुकानदार की पत्नी ने साहस दिखाते हुए बदमाश का विरोध किया और शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद दुकानदार भी काउंटर पर चढ़कर बदमाशों से भिड़ गया। दंपती के प्रतिरोध से घबराए बदमाश मौके से भाग खड़े हुए। दुकानदार ने उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे फरार हो गए।
घटना के बाद बाजार के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए बाजार में पुलिस सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक शीतल अंगुराल भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।






