नई दिल्ली, 27 दिसंबर 2025: नए साल के जश्न से पहले दिल्ली पुलिस ने राजधानी में संगठित अपराध पर शिकंजा कसते हुए शुक्रवार रात भर बड़ा अभियान चलाया। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली पुलिस द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान को ‘ऑपरेशन ट्रॉमा 3.0’ नाम दिया गया, जिसके तहत एक साथ कई इलाकों में छापेमारी की गई।
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के डीसीपी हेमंत तिवारी ने बताया कि अभियान के दौरान आबकारी अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट और जुआ अधिनियम के तहत 285 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा रोकथाम कार्रवाई में 504 लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि 116 बदमाशों (बीसी) को पकड़ा गया। पुलिस ने 10 वाहन चोर और 5 ऑटो लिफ्टर भी गिरफ्तार किए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 21 देशी पिस्तौल (CMP), 20 जिंदा कारतूस और 27 चाकू बरामद किए। इसके साथ ही 12,258 क्वार्टर अवैध शराब, 6.01 किलोग्राम गांजा, जुआरियों से 2,30,990 रुपये नकद, 310 मोबाइल फोन, 231 दोपहिया वाहन और एक चार पहिया वाहन भी जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर नियंत्रण के लिए यह अभियान चलाया गया, जिसके तहत कुल मिलाकर 1,306 लोगों को गिरफ्तार किया गया। दिल्ली पुलिस ने कहा कि आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे ताकि राजधानी में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।






