शहर में कोई भी ज़रूरतमंद व्यक्ति रात सड़क पर न गुज़ारे या खुले आसमान के नीचे न सोए – मेयर
पटियाला, 26 दिसंबर 2025 : पटियाला के मेयर कुंदन गोगिया ने शहर के विभिन्न रैन बसेरों की देर रात अचानक जांच कर वहां उपलब्ध सुविधाओं, रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया और नगर निगम द्वारा दी जा रही सेवाओं का जायज़ा लिया। इस जांच अभियान के दौरान उन्होंने कर्मचारियों की हाज़िरी रजिस्टर, शेल्टरों में रह रहे लोगों की विवरण रजिस्टर, तथा अन्य संबंधित दस्तावेज़ों को बारीकी से जांचा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि रैन बसेरों में आने वाले हर व्यक्ति को नियमों के अनुसार सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
मेयर गोगिया ने कहा कि कड़ाके की सर्दियों में नगर निगम की प्राथमिकता रहती है कि शहर में कोई भी ज़रूरतमंद व्यक्ति रात सड़क पर या खुले आसमान के नीचे न बिताए। उन्होंने बताया कि नाइट शेल्टरों में बिस्तर, कंबल, साफ-सफाई, पीने का पानी और सुरक्षा की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिनका ज़रूरतमंद लोग पूरा लाभ उठा सकते हैं।
जांच के दौरान मेयर ने कर्मचारियों को विशेष रूप से निर्देश दिया कि शेल्टरों में आने वाले लोगों के साथ सम्मानपूर्ण और मानवीय व्यवहार किया जाए तथा बिना रजिस्ट्रेशन किसी को भी रुकने की अनुमति न दी जाए।
मेयर गोगिया ने साथ ही शहरवासियों से विशेष अपील की कि यदि उन्हें कोई व्यक्ति रात में सड़क पर या खुले में सोता दिखाई दे, तो उसे नाइट शेल्टर की सुविधा लेने के लिए प्रेरित करें और वहां तक पहुंचाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा, नाइट शेल्टर ज़रूरतमंदों के लिए सुरक्षित छत हैं, इसलिए लोग इन सुविधाओं का निस्संकोच उपयोग करें। शहर की ज़िम्मेदारी हमारी है, लेकिन ज़रूरतमंदों तक जानकारी पहुंचाने में नागरिकों का सहयोग भी बेहद महत्वपूर्ण है।






