हरियाणा 26 दिसंबर 2025: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विश्व प्रसिद्ध पुरातात्विक स्थल राखीगढ़ी पहुंचे, जहां छात्राओं ने उनका तिलक कर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। मुख्यमंत्री यहां आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन करने पहुंचे हैं।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले प्रतीकात्मक (नकली) खुदाई स्थल का निरीक्षण किया और हड़प्पा काल की कलाकृतियों को प्रदर्शित करने वाले स्टॉलों का अवलोकन किया। इस अवसर पर स्थल पर बड़ी संख्या में आम लोग और स्कूली बच्चे मौजूद थे, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ मंत्री अरविंद शर्मा और रणबीर गंगवा भी उपस्थित रहे। उन्होंने राखीगढ़ी संग्रहालय में लगाई गई विशेष प्रदर्शनी का भी दौरा किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने संग्रहालय परिसर स्थित बैठक कक्ष में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बाद में मुख्यमंत्री राखी शाहपुर पहुंचे, जहां उन्होंने हड़प्पा ज्ञान केंद्र का औपचारिक उद्घाटन किया। उल्लेखनीय है कि 26 से 28 दिसंबर तक आयोजित यह कार्यक्रम ऐतिहासिक माना जा रहा है। यह देश का पहला ऐसा प्रयोग है, जिसमें स्कूली विद्यार्थी पुरातत्वविदों की भूमिका निभाते हुए खुदाई की वैज्ञानिक प्रक्रिया को नजदीक से सीखेंगे। इस पहल का उद्देश्य अनुभवात्मक शिक्षा के माध्यम से इतिहास को जीवंत बनाना है।






