चंडीगढ़ 26 दिसंबर 2025: चंडीगढ़ जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस को धमकी भरी ई-मेल मिलने के बाद एहतियातन जिला अदालत परिसर को तुरंत खाली करा लिया गया। इसके बाद अदालत से जुड़ी तीनों इमारतों की गहन तलाशी ली गई, हालांकि कहीं भी कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तलाशी अभियान के दौरान बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर मौजूद रहीं। जांच पूरी होने के बाद यह स्पष्ट हुआ कि धमकी झूठी थी। इसके बावजूद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि चंडीगढ़ में इस तरह की धमकी भरी ई-मेल लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले भी कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ई-मेल मिल चुके हैं, जो बाद में फर्जी साबित हुए थे। इस बार जिला अदालत को निशाना बनाकर भेजी गई ई-मेल भी झूठी निकली।
पुलिस ने अज्ञात ई-मेल भेजने वाले के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी पहचान व लोकेशन का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सतर्कता बढ़ा रही हैं।






