भिवानी 26 दिसंबर 2025: हरियाणा के भिवानी जिले के किसानों और पशुपालकों के लिए एक अहम खुशखबरी सामने आई है। लोहारू विधानसभा क्षेत्र के सलेमपुर गांव में वीटा मिल्क चिलिंग सेंटर की सौगात दी गई है। इस चिलिंग सेंटर का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व कृषि मंत्री जे.पी. दलाल ने कहा कि यह मिल्क प्लांट क्षेत्र के पशुपालकों, दुग्ध उत्पादकों और किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
यह वीटा चिलिंग सेंटर लगभग 100 सरकारी दुग्ध सहकारी समितियों से दूध एकत्र करेगा। यहां 20 से अधिक बल्क मिल्क कूलर (BMC) की व्यवस्था की गई है। इस मिल्क प्लांट के शुरू होने से बहल, सिवानी और तोशाम जैसे क्षेत्रों में बंद पड़ी वीटा दुग्ध सहकारी समितियों को भी दोबारा सक्रिय किया जा सकेगा।
इन मिल्क चिलिंग सेंटरों के माध्यम से न केवल क्षेत्र के लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, बल्कि उनकी आय में भी बढ़ोतरी होगी। इस परियोजना की नींव 27 मई 2023 को जे.पी. दलाल द्वारा रखी गई थी। करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से बने इस चिलिंग सेंटर का निर्माण 2 एकड़ भूमि पर किया गया है। वर्तमान में यह सेंटर प्रतिदिन 20,000 लीटर दूध संग्रह करने की क्षमता रखता है, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 40,000 लीटर प्रतिदिन करने की योजना है।
इस मिल्क प्लांट के शुरू होने से ग्रामीण उपभोक्ताओं को दूध, दही और लस्सी जैसे वीटा उत्पाद आसानी से उपलब्ध होंगे। वहीं डेयरी किसानों को उनके दूध का उचित मूल्य मिलेगा, जिससे वे निजी संस्थानों की मनमानी से बच सकेंगे। इससे दुग्ध उत्पादक किसानों की आमदनी में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है। भविष्य में इस मिल्क प्लांट में मिठाई निर्माण की भी योजना है, जिससे वीटा उत्पादों के प्रति लोगों में और जागरूकता बढ़ेगी।






