शहीदी जोड़ मेले के मद्देनज़र रेलवे का बड़ा फैसला
श्री फतेहगढ़ साहिब 24 दिसंबर 2025: फतेहगढ़ साहिब में होने वाले तीन दिवसीय शहीदी जोड़ मेले को लेकर रेलवे ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक अहम निर्णय लिया है। रेलवे ने सरहिंद रेलवे स्टेशन पर न रुकने वाली 14 मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों को तीन दिनों के लिए अस्थायी रूप से रोकने का फैसला किया है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु आसानी से फतेहगढ़ साहिब पहुंच सकें।
उत्तरी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि 25 से 27 दिसंबर तक आयोजित होने वाले शहीदी जोड़ मेले के दौरान यात्रियों और श्रद्धालुओं की संख्या में भारी बढ़ोतरी को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को आने-जाने में किसी प्रकार की असुविधा न होने देना है।
शहीदी जोड़ मेला 25 से 27 दिसंबर तक फतेहगढ़ साहिब में आयोजित होगा, जिसमें भारत और विदेशों से 50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पंजाब सरकार की ओर से सरहिंद रेलवे स्टेशन से फतेहगढ़ साहिब गुरुद्वारा तक शटल बस सेवा की व्यवस्था भी की गई है, जिससे ट्रेन से उतरने के बाद श्रद्धालु सीधे गुरुद्वारा साहिब पहुंच सकें।
इन ट्रेनों का होगा अस्थायी ठहराव:
रेलवे के अनुसार, 25 से 27 दिसंबर तक कुल 14 मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों को सरहिंद स्टेशन पर दो मिनट का अस्थायी ठहराव दिया जाएगा। इनमें प्रमुख रूप से वाराणसी–जम्मू तवी एक्सप्रेस (12237), दुर्ग–शहीद कैप्टन तुषार महाजन एक्सप्रेस (20847), सियालदह–अमृतसर एक्सप्रेस (12379), न्यू जलपाईगुड़ी–अमृतसर एक्सप्रेस (12407), न्यू तिनसुकिया–अमृतसर एक्सप्रेस (15933), विशाखापट्टनम–अमृतसर एक्सप्रेस (20807), बांद्रा टर्मिनस–अमृतसर एक्सप्रेस (12903) शामिल हैं।
इसके अलावा अमृतसर–कोलकाता टर्मिनल एक्सप्रेस (12358), जम्मू तवी–दुर्ग एक्सप्रेस (12550), अमृतसर–न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस (12408), अमृतसर–टाटानगर एक्सप्रेस (18104), अमृतसर–नई दिल्ली एक्सप्रेस (12498), जम्मू तवी–वाराणसी एक्सप्रेस (12238) और अमृतसर–मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस (12904) को भी सरहिंद स्टेशन पर दो मिनट के लिए रोका जाएगा।
रेलवे के इस फैसले से शहीदी जोड़ मेले में शामिल होने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।






