छुट्टी के दिन मेयर की अचानक चेकिंग
पटियाला, 22 दिसंबर :- शहरवासियों को सुचारु और निरंतर जलापूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पटियाला के मेयर कुंदन गोगिया ने बीते दिन ऐतवार को नेहरू पार्क के पास पुराने बस अड्डे स्थित वाटर सप्लाई स्टाफ और सफाई सेवकों की हाजिरी रजिस्टर सहित अन्य कार्यों की अचानक जांच की।
जांच के दौरान मेयर ने स्पष्ट किया कि शहर के नागरिकों को स्वच्छ और समय पर पानी उपलब्ध कराना तथा क्षेत्रों की नियमित सफाई नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुपस्थिति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हाजिरी रजिस्टर की जांच करते हुए उन्होंने कर्मचारियों की पूर्ण उपस्थिति पर संतोष व्यक्त किया।
मेयर ने इस अवसर पर अधिकारियों को निर्देश दिए कि वाटर सप्लाई से जुड़े सभी स्थायी और अस्थायी कर्मचारियों की दैनिक हाजिरी सख्ती से दर्ज की जाए और बिना कारण अनुपस्थित रहने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता के दैनिक जीवन में पानी का अत्यधिक महत्व है, जिसके लिए मैदानी स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों की उपस्थिति बेहद जरूरी है।
मेयर ने यह भी बताया कि आने वाले समय में अन्य क्षेत्रों में भी वाटर सप्लाई विभाग तथा अन्य स्टाफ की कार्यप्रणाली की नियमित जांच की जाएगी और अचानक चेकिंग जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल जांच करना नहीं, बल्कि निगम के कार्यों को और मजबूत बनाना तथा जनता को बेहतर सुविधाएं प्रदान करना है।
अंत में मेयर ने कर्मचारियों से अपील की कि वे अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए पूरी ईमानदारी से ड्यूटी निभाएं, ताकि शहरवासियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर जेई राजेश कुमार तथा अन्य नगर निगम अधिकारी भी विशेष रूप से उपस्थित थे।






