चंडीगढ़, 22 दिसंबर 2025: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने राज्य के सभी नागरिकों के लिए 10 लाख रुपये की स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने की तैयारी पूरी कर ली है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत प्रदेशवासियों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पंजाब सरकार ने इस स्वास्थ्य बीमा योजना के लिए यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी के साथ करार कर लिया है। योजना को 15 जनवरी 2026 से लागू करने की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। इसके तहत राज्यभर में करीब 1000 अस्पतालों को सूचीबद्ध किया गया है, जहां बीमित परिवार कैशलेस इलाज की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे।
सरकार का अनुमान है कि इस योजना से प्रदेश के लगभग 85 लाख परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे गंभीर बीमारियों और महंगे इलाज के बोझ से आम लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जून 2025 में इस योजना को लागू करने की घोषणा की थी। शुरुआत में इसे अक्टूबर 2025 से लागू किया जाना था, लेकिन बीमा कंपनी के चयन में हुई देरी के कारण योजना के क्रियान्वयन में समय लग गया। अब सरकार ने इसे 15 जनवरी 2026 से लागू करने की दिशा में अंतिम तैयारी कर ली है।
राज्य सरकार का कहना है कि यह योजना पंजाब के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ा कदम साबित होगी और इससे आम जनता को गुणवत्तापूर्ण इलाज सुनिश्चित किया जा सकेगा।






