चंडीगढ़/पटियाला, 22 दिसंबर 2025: पूर्व आईपीएस अधिकारी और सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (आईजी) अमर सिंह चहल ने सोमवार को पटियाला में कथित तौर पर खुद को गोली मार ली। सूत्रों के अनुसार, इस घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आईजी पद से सेवानिवृत्त अमर सिंह चहल वर्तमान में पटियाला में रह रहे थे। सूत्रों ने यह भी बताया कि घटना से पहले उन्होंने कथित तौर पर एक सुसाइड नोट लिखा था। हालांकि, नोट की सामग्री को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
गोली लगने के बाद अमर सिंह चहल को तत्काल पारस अस्पताल, पटियाला ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं। फिलहाल इस संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।






