चंडीगढ़: पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट कॉलेजियम ने न्यायिक नियुक्तियों को लेकर एक अहम फैसला लेते हुए बार कोटे से 7 वरिष्ठ वकीलों के नाम हाईकोर्ट जज के रूप में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किए हैं। कॉलेजियम ने सर्वसम्मति से पंजाब और हरियाणा बार से संबंधित इन वकीलों के नामों को मंजूरी दी है।
कॉलेजियम की रिपोर्ट के अनुसार, सभी प्रस्तावित वकीलों के कार्य, कानूनी दक्षता, पेशेवर अनुभव, आय और प्रतिष्ठा की गहन जांच की गई। उपलब्ध स्रोतों से जुटाई गई जानकारी के आधार पर यह पाया गया कि सभी उम्मीदवारों की साख अच्छी है और उनकी ईमानदारी को लेकर कोई प्रतिकूल तथ्य सामने नहीं आया है।
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि एक उम्मीदवार को सेवा कानून, सिविल कानून, श्रम कानून और संवैधानिक कानून में व्यापक अनुभव है। उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के लिए जूनियर पैनल वकील के रूप में भी सेवाएं दी हैं। पिछले पांच वर्षों में उनकी वार्षिक आय 7 लाख से अधिक रही है, जिसके आधार पर कॉलेजियम ने उन्हें पदोन्नति के लिए उपयुक्त माना।
उपलब्ध रिक्तियों के विरुद्ध कॉलेजियम द्वारा जिन वकीलों के नामों की सिफारिश की गई है, वे इस प्रकार हैं—
पंजाब बार से:
- श्रीमती मोनिका छिब्बर शर्मा
- श्री हरमीत सिंह दियोल
- श्रीमती पूजा चोपड़ा
हरियाणा बार से:
श्री सुनीश बिंदलिश
- श्री नवदीप सिंह
- श्रीमती दिव्या शर्मा
- श्री रविंदर मलिक
कॉलेजियम के इस फैसले को पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में न्यायिक क्षमता को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






