वेर्का कट के पास बलेनो और इनोवा की टक्कर
लुधियाना 21 दिसंबर 2025: लुधियाना के वेर्का कट के पास आज तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बलेनो कार और इनोवा की आमने-सामने की टक्कर में 4 से 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति की मौत होने की सूचना है।
यह हादसा सुबह करीब 2 से 3 बजे के बीच हुआ। कंट्रोल रूम को सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। सराभा नगर थाना के स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ आदित्य शर्मा) ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा।
पुलिस के अनुसार, सभी घायलों को तुरंत रघुनाथ अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें डीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल घायलों का इलाज डीएमसी में जारी है।
एसएचओ आदित्य शर्मा ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है, हालांकि मृतक की पहचान और पता अभी सामने नहीं आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।






