लखनऊ: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने चिकित्सकों से अपील की है कि वे अब सुविधाओं और आधारभूत ढांचे की कमी का हवाला देकर विदेश न जाएं, क्योंकि देश में अब चिकित्सा शिक्षा और सेवाओं के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं।
शनिवार को किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के 21वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि जो डॉक्टर विदेश जाना चाहते हैं, वे जाएं, लेकिन यह कहकर न जाएं कि देश में सुविधाओं और आधारभूत ढांचे की कमी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि संस्थान हैं, सुविधाएं हैं और मजबूत ढांचा भी मौजूद है, जरूरत है उसका सही उपयोग करने की।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जहां कभी देश में केवल एक एम्स था, वहीं आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 23 अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) कार्यरत हैं। ऐसे में अब छात्रों के पास सुविधाओं की कमी की शिकायत का कोई आधार नहीं है।
दीक्षांत समारोह को स्वर्णिम अवसर बताते हुए नड्डा ने छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी और कहा कि केजीएमयू जैसे संस्थान में कार्य करना अपने आप में सौभाग्य की बात है, जहां मेहनत, हुनर और प्रतिबद्धता से असंभव को भी संभव किया जा रहा है।






