चंडीगढ़ 17 दिसंबर: हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि राज्य में ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ को अभियान के रूप में विस्तारित किया जाएगा, ताकि हरियाणा इस योजना के क्रियान्वयन में देशभर में अग्रणी बन सके। इसके लिए उत्तर व दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगमों में निगरानी समितियों का गठन किया जाएगा और एक ऑनलाइन प्रणाली विकसित की जाएगी, जिससे रूफटॉप सोलर सिस्टम की स्थापना की रियल-टाइम जानकारी उपलब्ध हो सके।
योजना को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए 200 करोड़ रुपये का रिवाल्विंग फंड बनाया जाएगा, जिसमें उत्तर और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम को 100-100 करोड़ रुपये आवंटित किए जाएंगे। मंत्री ने अधिक से अधिक घरों तक ग्रीन एनर्जी पहुंचाने के लिए किसी समर्पित एजेंसी की नियुक्ति की संभावनाएं तलाशने के निर्देश भी दिए।
अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में राज्य में प्रति माह लगभग 3000 रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए जा रहे हैं। योजना के तहत पात्र परिवारों को केंद्र और राज्य सरकार की ओर से कुल 1.10 लाख रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। बैठक में योजना के प्रचार-प्रसार के लिए डिजिटल माध्यमों के उपयोग पर भी जोर दिया गया।






