चंडीगढ़/फतेहगढ़ साहिब, 16 दिसंबर 2025: मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में फतेहगढ़ साहिब में होने वाली वार्षिक शहीदी सभा को लेकर किए गए व्यापक प्रबंधों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हर वर्ष इस पवित्र स्थल पर लाखों की संख्या में संगत पहुंचती है और उनकी सुविधा, सुरक्षा व स्वास्थ्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सीएम मान ने बताया कि संगत की स्वास्थ्य देखभाल के लिए शहीदी सभा के दौरान 6 नई डिस्पेंसरी और 20 आम आदमी क्लीनिक स्थापित किए जाएंगे। परिवहन सुविधा के तहत 200 मुफ्त शटल बस सेवाएं चलाई जाएंगी, वहीं पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए 100 से अधिक ई-रिक्शा भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 3300 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी और पूरे क्षेत्र की निगरानी के लिए 300 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा, संगत के आपसी संपर्क को बनाए रखने के लिए अस्थायी मोबाइल टावर भी स्थापित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के लिए वालंटियर्स की टीमें तैनात रहेंगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार शहीदी सभा को शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।






