HomeNationalमुंबई से आईएसआई नेटवर्क से जुड़े दो मोस्ट वांटेड अपराधी गिरफ्तार, पंजाब...

मुंबई से आईएसआई नेटवर्क से जुड़े दो मोस्ट वांटेड अपराधी गिरफ्तार, पंजाब पुलिस की बड़ी कामयाबी

चंडीगढ़/मुंबई, 15 दिसंबर: पंजाब पुलिस ने आतंकवाद और संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अहम सफलता हासिल की है। केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से चलाए गए विशेष खुफिया ऑपरेशन के तहत पुलिस ने मुंबई से दो मोस्ट वांटेड अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साजन मसीह और मनीष बेदी के रूप में हुई है, जो पाकिस्तान समर्थित आईएसआई नेटवर्क से जुड़े हुए थे।

पंजाब पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों आरोपी विदेशों में बैठकर पंजाब में आपराधिक गतिविधियों को संचालित कर रहे थे। जांच में सामने आया है कि मनीष बेदी अमृतसर का निवासी है, जबकि साजन मसीह पठानकोट से ताल्लुक रखता है।

डीजीपी के अनुसार, दोनों आरोपी पहले दुबई में सक्रिय थे, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों से बचने के लिए बाद में आर्मेनिया (Armenia) शिफ्ट हो गए। गिरफ्तारी से बचने के लिए ये लगातार अलग-अलग देशों में अपने ठिकाने बदलते रहे, हालांकि पुलिस को इनकी गतिविधियों की पुख्ता सूचना मिल चुकी थी। इसके बाद मुंबई में जाल बिछाकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि ये आरोपी पाकिस्तान में बैठे आतंकवादी हरविंदर रिंदा और अमेरिका स्थित गैंगस्टर हैपी पासिया के सीधे संपर्क में थे। ये लोग पंजाब में हथियारों की सप्लाई, हत्या और अन्य गंभीर आपराधिक वारदातों को अंजाम देने में शामिल रहे हैं।

डीजीपी गौरव यादव ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि कानून से भागने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वे दुनिया के किसी भी कोने में क्यों न छिपे हों।

इन दोनों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने इनके तीसरे साथी, कुख्यात गैंगस्टर शमशेर शेरा के खिलाफ भी शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। बताया जा रहा है कि शेरा फिलहाल आर्मेनिया में बैठकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा है। सुरक्षा एजेंसियां उसकी हर गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं और जल्द ही उसके खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की जा सकती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments