जालंधर 15 दिसंबर 2025: जालंधर के तीन प्रमुख स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने तुरंत अभिभावकों को फोन कर सूचना दी और बच्चों को घर ले जाने के लिए कहा। इसके बाद घबराए अभिभावक अपने बच्चों को लेने के लिए स्कूलों की ओर दौड़ पड़े।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्कूल के प्रिंसिपल को ईमेल के जरिए स्कूल को उड़ाने की धमकी मिली थी। एहतियात के तौर पर स्कूल परिसरों को तुरंत खाली करवा लिया गया है। मौके पर पुलिस पहुंच गई है और एंटी-साबोटाज टीम को बुलाकर पूरे स्कूल परिसर की गहन जांच और सैनिटाइजेशन किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, केएमवी स्कूल, सेंट जोसेफ स्कूल और आईवी वर्ल्ड स्कूल को आज सुबह धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए। केएमवी स्कूल के प्रिंसिपल को सबसे पहले ईमेल के जरिए धमकी दी गई, जिसके बाद अन्य स्कूलों को भी अलर्ट किया गया। प्रिंसिपलों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले अमृतसर के स्कूलों को भी इसी तरह बम से उड़ाने की धमकियां मिली थीं, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।






