नई दिल्ली, 15 दिसंबर 2025: कांग्रेस रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर उठे विवाद पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सवाल उठाया कि इस मुद्दे को संसद में क्यों उठाया जा रहा है और आरोप लगाया कि केंद्रीय संसदीय मंत्री खुद सदन की कार्यवाही बाधित कर रहे हैं।
प्रियंका गांधी ने मीडिया से बातचीत में कहा, “आप यह क्यों नहीं पूछते कि केंद्रीय संसदीय मंत्री खुद सदन की कार्यवाही में बाधा डाल रहे थे। मंच से किसी ने ऐसा बयान नहीं दिया। बाद में पता चला कि किसी आम व्यक्ति या कार्यकर्ता ने यह बात कही, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि वह कौन था। फिर इस मुद्दे को सदन में क्यों उठाया जा रहा है? वे सदन चलने ही नहीं देना चाहते।”
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अहम मुद्दों पर चर्चा से बच रही है। प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण पर चर्चा की मांग की थी, लेकिन सरकार इस पर चर्चा कराने को तैयार नहीं है।
गौरतलब है कि कांग्रेस की ‘वोट चोरी’ के खिलाफ आयोजित रैली के दौरान जयपुर महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष मंजू लता मीणा ने कथित तौर पर प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसे लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। हालांकि, मंजू लता मीणा ने अपने बयान का बचाव करते हुए इसे कथित वोट धांधली के खिलाफ जनता के गुस्से की अभिव्यक्ति बताया।
इस बीच, प्रियंका गांधी वाड्रा ने दिल्ली-एनसीआर में गंभीर होती वायु प्रदूषण की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि इस पर संसद में तत्काल चर्चा होनी चाहिए और इसके लिए वह नोटिस भी देंगी।






