नई दिल्ली, 15 दिसंबर 2025: केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोमवार को कथित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ कांग्रेस की रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ लगाए गए नारों और आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर विपक्ष पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने कुछ विपक्षी नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री को मारने जैसी भाषा का इस्तेमाल किए जाने को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
किरेन रिजिजू ने कहा, “यह कैसी मानसिकता है कि कोई सार्वजनिक मंच से राजनीतिक विरोधियों को मारने की बात करता है? अगर विपक्ष के कुछ नेता प्रधानमंत्री को मारने जैसी बातें करते हैं तो यह वास्तव में निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है।”
उन्होंने कांग्रेस पार्टी से संसद में औपचारिक माफी की मांग करते हुए कहा कि सिर्फ निंदा करना पर्याप्त नहीं है। “कांग्रेस अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता को संसद के पटल से देश से माफी मांगनी चाहिए। अगर कांग्रेस में थोड़ी भी मानवता और देश के प्रति सम्मान बचा है तो उन्हें बिना देरी देश से माफी मांगनी चाहिए,” रिजिजू ने कहा।
गौरतलब है कि कांग्रेस की ‘वोट चोरी’ के खिलाफ आयोजित एक रैली के दौरान कांग्रेस नेता और जयपुर महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष मंजू लता मीणा ने कथित तौर पर कहा था, “मोदी तेरी कब्र खुदेगी, आज नहीं तो कल खुदेगी।”
हालांकि, मंजू लता मीणा ने बाद में अपने बयान का बचाव करते हुए कहा कि वह कथित वोट धांधली को लेकर जनता के गुस्से को व्यक्त कर रही थीं। उन्होंने प्रधानमंत्री पर रोजगार, युवा, महिला और किसानों जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप भी लगाया।






