संतोषपुरा (जालंधर), 14 दिसंबर: जालंधर जिले के थाना नंबर-8 के अंतर्गत आने वाले संतोषपुरा इलाके में एक कबाड़ के गोदाम में हुए जोरदार धमाके से इलाके में दहशत फैल गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान संतोषपुरा निवासी राजिंदर के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत थाना-8 पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास के घरों की दीवारें तक हिल गईं, जिससे लोगों में भय का माहौल बन गया।
थाना-8 के इंचार्ज साहिल चौधरी भी मौके पर पहुंचे और जांच की कमान संभाली। पुलिस धमाके के कारणों और गोदाम में रखे गए कबाड़ की प्रकृति की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।






