पलवल :- हरियाणा के पलवल जिले के उटावड़ थाना क्षेत्र के एक गांव में एक नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पांच युवकों ने देर रात 14 वर्षीय किशोरी को उसके घर से अगवा कर लिया और जंगल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी उसे घर के पास छोड़कर भाग गए। लड़की के पिता की शिकायत पर उटावड़ थाना पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
उटावड़ थाना प्रभारी रेणु शेखावत के अनुसार, पीड़िता के पिता ने शिकायत में बताया है कि उनकी एक बकरी मर गई थी। रात करीब 1 बजे वह और उनका बेटा बकरी को दफनाने के लिए खेतों में गए थे। जब वे लौटे तो उनकी 14 वर्षीय बेटी गायब थी। उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
तभी, एक सफेद रंग की कार उनके घर से थोड़ी दूर आकर रुकी। उनकी बेटी कार से उतरी और रोती हुई उनकी ओर भागी।
पीड़िता ने बताया कि जब उसके पिता और भाई घर पर नहीं थे, तो रात में शाहिद, मुजी, राकीम, जुनैद और शाहिद नाम के युवक एक कार में आए। उन्होंने दरवाजा खटखटाया, और जैसे ही उसने दरवाज़ा खोला, आरोपियों ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, उसे खींचकर बाहर निकाला, कार में बैठाया और जंगल की तरफ ले गए।
वहां आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में उसे घर से कुछ दूरी पर छोड़कर फरार हो गए। हड़बड़ी में आरोपियों का एक मोबाइल फोन मौके पर गिर गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
परिजन लड़की को लेकर उटावड़ थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी रेणु शेखावत ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए एक विशेष टीम बनाई गई है। पुलिस ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






