चंडीगढ़ – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार विभिन्न विभागों में जल्द ही नई भर्तियां शुरू करेगी, जिससे युवाओं को रोजगार मिलेगा। कैथल के आरकेएसडी कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार बिना पर्ची-खर्ची मेरिट आधारित नौकरियाँ देती है और आमजन के हितों की सच्ची रक्षक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा की डबल इंजन सरकार आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए तेजी से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा चुनाव से पहले लिए गए 217 संकल्पों में से 50 पूरे किए जा चुके हैं और 90 जल्द पूरे किए जाएंगे।
सैनी ने कहा कि बहनों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर, 2100 रुपये की पेंशन और लाड़ो लक्ष्मी योजना की दो किस्तें जारी की जा चुकी हैं। पात्र गरीब लोगों को प्लॉट और सोनीपत में 550 फ्लैट देने की प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि बारिश में क्षतिग्रस्त हुई सभी सड़कों को इस वर्ष के अंत तक ठीक कर दिया जाएगा, जिसके लिए छह विभागों को मिलकर काम करने के निर्देश दिए गए हैं। सैनी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से सरकार की नीतियों को जनता तक पहुँचाने और विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे झूठ का पर्दाफाश करने की अपील की।
इस दौरान उन्होंने आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत कैथल से स्वदेशी रथयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह यात्रा 24 दिसंबर तक प्रदेश भर में स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का संदेश फैलाएगी।






