नई दिल्ली/कुरुक्षेत्र: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की पटना टीम ने गुरुवार को हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्रीन पार्क कॉलोनी में कौलड़ा गन हाउस के संचालक के घर और कार्यालय पर छापेमारी की। टीम ने पूछताछ के लिए एक पिता-पुत्र को हिरासत में लिया। यह कार्रवाई देर रात 10 बजे तक जारी रही।
सूत्रों के मुताबिक, एनआईए ने हरियाणा से बिहार तक कुल 22 स्थानों पर छापेमारी की है। यह पूरा मामला अवैध हथियारों और कारतूसों की तस्करी से जुड़ा है। जांच एजेंसी को शक है कि यह नेटवर्क उत्तर प्रदेश से बिहार तक फैला हुआ है और इसका संबंध आतंकी नेटवर्क को मजबूत करने की साजिश से भी हो सकता है।
जानकारी के अनुसार, एनआईए की टीम ने सुबह करीब 5 बजे विजय कौलड़ा के घर छापेमारी शुरू की। लगभग पांच घंटे की जांच के बाद, टीम उसके देवी मंदिर रोड स्थित कार्यालय पहुंची। सूत्र बताते हैं कि घर और कार्यालय से बड़ी मात्रा में हथियार, कारतूस और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
करीब 17 घंटे की कार्रवाई के बाद, एनआईए ने विजय कौलड़ा और उसके छोटे बेटे यश कौलड़ा को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ के लिए पटना भेज दिया। वहीं, उसका बड़ा बेटा लक्षित कौलड़ा छापेमारी शुरू होने से पहले ही फरार हो गया।
इस पूरे ऑपरेशन की अगुवाई एनआईए के एएसपी राघव वशिष्ठ ने की। उनके साथ करीब 15 अधिकारी और 24 कुरुक्षेत्र पुलिसकर्मी सुरक्षा हेतु मौजूद थे। हालांकि एनआईए ने चल रही कार्रवाई की कोई भी जानकारी स्थानीय पुलिस के साथ साझा नहीं की।






