चंडीगढ़/संगरूर, 4 दिसंबर 2025: चंडीगढ़ से बठिंडा जा रही एक निजी स्लीपर बस गुरुवार दोपहर एक भयावह दुर्घटना का शिकार होते-होते बच गई। जानकारी के अनुसार, पिंड चंन्नो के पास हाइवे पर दौड़ रही ऑर्बिट बस में अचानक भीषण आग लग गई।
ड्राइवर की सूझबूझ ने बचाई 40 जानें
गनीमत यह रही कि चालक की सतर्कता और समझदारी के चलते बस में सवार करीब 40 यात्रियों को समय रहते उतार लिया गया, नहीं तो एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो सकता था।
धुएँ की बदबू से हुआ शक
बताया जा रहा है कि बस सामान्य गति से चल रही थी तभी ड्राइवर को पीछे के हिस्से से धुआँ निकलता दिखाई दिया और कुछ जलने की तेज बदबू महसूस हुई। कुछ ही मिनटों में आग ने भीषण रूप ले लिया और बस के इंजन और एसी केबिन को अपनी चपेट में ले लिया।
खतरे को भांपते हुए ड्राइवर ने तुरंत बस को हाइवे किनारे बने एक ढाबे के पास सुरक्षित स्थान पर रोक दिया। बस रुकते ही सभी यात्रियों को नीचे उतार दिया गया। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से यात्रियों का सामान भी बाहर निकाल लिया गया।
कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह जलकर खाक
सूचना मिलते ही संगरूर से फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
एसी सिस्टम की खराबी से लगी आग?
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बस के एसी सिस्टम में तकनीकी खराबी आने के कारण आग लगी होगी। बस चालक अरविंदर सिंह ने मीडिया से बातचीत नहीं की, लेकिन उनकी त्वरित कार्रवाई ने 40 यात्रियों की जान बचा ली।






