चंडीगढ़, 3 दिसंबर 2025: चंडीगढ़ के सेक्टर-26 में गोलियां मारकर हत्या किए गए इंद्रप्रीत सिंह उर्फ पैरी का आज सेक्टर-25 स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान परिवार के सदस्यों के अलावा बड़ी संख्या में लोग और पैरी के दोस्त मौजूद थे। माहौल काफी गमगीन था और पुलिस द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
सोमवार शाम को सेक्टर-26 की टिंबर मार्केट के पास कार सवार हमलावरों ने पैरी पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उसकी हत्या कर दी थी। इंद्रप्रीत पैरी छात्र राजनीति (SOPU) के समय से ही गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का कॉलेज दोस्त और करीबी साथी रहा था। हालांकि, सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले कुछ समय से दोनों के बीच दूरियां बढ़ गई थीं।
कनाडा में बैठे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने दावा किया है कि लॉरेंस बिश्नोई ने ही धोखे से पैरी को मीटिंग के लिए बुलाकर मरवाया है।
पुलिस इस हत्या को गैंगवॉर और आपसी रंजिश के कोण से देख रही है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। गौरतलब है कि पैरी का इसी नवंबर महीने में विवाह हुआ था।






