नई दिल्ली: राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष और विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि पिछले 11 वर्षों से लगातार संसद की मर्यादा और संसदीय परंपराओं को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश का आम आदमी बेरोज़गारी, महंगाई, आर्थिक विषमता और राष्ट्रीय संसाधनों की लूट जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है, जबकि सत्ता में बैठे लोग अहंकार में डूबकर “नाटक” कर रहे हैं।
खड़गे ने सदन में नवनियुक्त चेयरमैन सी.पी. राधाकृष्णन का स्वागत करते हुए कहा कि “मैं आपको सिर्फ इतना कहना चाहता हूँ कि अपनी सीट से बहुत दूर मत देखिए, उसमें भी खतरा है… और न ही केवल एक ओर देखना ठीक है। बेहतर होगा कि आप दोनों पक्षों के बीच संतुलन बनाए रखें।”
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने चेयरमैन के राजनीतिक और सामाजिक पृष्ठभूमि का ज़िक्र किया, जिस पर हम सहमत हैं—लेकिन यह भी याद रखना चाहिए कि आप कांग्रेस परिवार से जुड़े रहे हैं। खड़गे ने कहा कि प्रधानमंत्री एक “शक्तिशाली भाषण” देकर आए हैं और विपक्ष उसका उचित जवाब देगा। अंत में उन्होंने राधाकृष्णन को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ दीं।






