शिमला: हिमाचल प्रदेश में पिछले डेढ़ महीने से जारी सूखे जैसे मौसम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 4 दिसंबर को वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने जा रहा है, जिसके चलते अगले 48 घंटों में राज्य के ऊंचाई वाले और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।
बीते कई हफ्तों से बारिश न होने के कारण प्रदेश में सूखी ठंड बढ़ गई है। सभी शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री या उससे नीचे दर्ज हो रहा है। इससे न केवल ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बल्कि मैदानी इलाकों में भी ठंड तेजी से बढ़ी है।
राज्य में तीन जगहों पर तापमान शून्य से नीचे, 16 शहरों में 5 डिग्री से कम, और 26 स्थानों पर 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। सुबह, शाम और रात के समय कड़ाके की ठंड लोगों को परेशान कर रही है।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाली पश्चिमी विक्षोभ से मौसम में बदलाव आएगा और लोगों को ठंड से कुछ राहत मिल सकती है।






