ऊना, 30 नवंबर 2025 : केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी सर्वश्रेष्ठ थानों की सूची में ऊना जिले का अंब थाना पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर चुना गया है। पिछले एक वर्ष में थाना अंब की टीम ने उत्कृष्ट कार्यशैली, त्वरित पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दक्षता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का शानदार प्रदर्शन किया, जिसके चलते यह सम्मान मिला है।
अंब थाना को मिली इस उपलब्धि पर स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन गर्व महसूस कर रहे हैं। थाना अंब की पुलिस टीम ने अपराध की रोकथाम, अपराध की पहचान, जांच और निस्तारण में बेहतरीन काम किया है। साथ ही, सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में भी थाना की भूमिका सराहनीय रही है।
ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर सख्ती
अंब पुलिस ने ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ पिछले एक वर्ष में कड़ी कार्रवाई की है। कुल 23,578 चालान काटे गए, जिनमें —
बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 12,384 चालान,
ओवरस्पीडिंग पर 3,348 चालान,
शराब पीकर गाड़ी चलाने पर 109 चालान शामिल हैं।
इसके अलावा थाना में दर्ज अन्य शिकायतों का समयबद्ध निपटान कर लोगों को न्याय दिलाने में भी पुलिस कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
अंब थाना की यह उपलब्धि न केवल जिले बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बनी हुई है।






