मोहाली, 29 नवंबर 2025: पंजाब के मोहाली में शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। इंडस्ट्रियल एरिया फेज़ 8B स्थित एक बेकरी के गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा गोदाम लपटों की चपेट में आ गया। करोड़ों की संपत्ति जलकर राख हो गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
गोदाम मालिक बोले—2 से 2.5 करोड़ का नुकसान
गोदाम के मालिकों ने बताया कि आग में बेकरी का सामान और अन्य सामग्री जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। उनका अनुमान है कि 2 करोड़ से 2.5 करोड़ रुपये तक का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि आग इतनी भयंकर थी कि कुछ भी बचाने का मौका नहीं मिला।
फायर सेफ्टी का कोई इंतज़ाम नहीं था
शुरुआती जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। कंपनी परिसर के भीतर फायर सेफ्टी उपकरण बिल्कुल भी इंस्टॉल नहीं थे। सुरक्षा मानकों की इस गंभीर अनदेखी की वजह से आग तेजी से फैलती चली गई और उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। अब यह लापरवाही जांच का मुख्य मुद्दा बन गई है।
15–20 फायर टेंडर लगे, दमकल कर्मियों के छूटे पसीने
फायर ऑफिसर सुरेश कुमार ने बताया कि आग इतनी भयंकर थी कि उसे बुझाने के लिए 15 से 20 फायर टेंडरों को मौके पर तैनात करना पड़ा। दमकल कर्मी कई घंटों तक आग को नियंत्रित करने में जुटे रहे। फिलहाल आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है और विस्तृत जांच जारी है।






