चंडीगढ़ – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा निर्धारित विकसित भारत 2047 के लक्ष्य तक पहुँचने का मार्ग वोकल फॉर लोकल के सिद्धांत से होकर ही जाता है। उन्होंने कहा कि देश तब तरक़्क़ी करेगा जब स्थानीय उत्पादों का अधिक उपयोग होगा और भारत में बने सामान को प्राथमिकता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से आत्मनिर्भर भारत रेल यात्री–संपर्क अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू भी उपस्थित रहे। अभियान का उद्देश्य विकसित भारत और वोकल फॉर लोकल के संदेश को आम जनता तक पहुँचाना है।
इस दौरान मुख्यमंत्री सैनी ने रेलवे प्लेटफॉर्म और चलती ट्रेन में यात्रियों से मुलाकात कर उन्हें ‘आत्मनिर्भर भारत’ के पत्रक वितरित किए। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि 2014 में भारत दुनिया की 12वीं–13वीं अर्थव्यवस्था था, जबकि आज 11 वर्षों में चौथी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बन चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि लोकल उद्योगों के प्रोत्साहन से भारत जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में रेलवे व सड़क ढांचे का अभूतपूर्व विकास हुआ है। चंडीगढ़ और पंचकूला रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है। सैनी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकारों ने केवल भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
दिवंगत खिलाड़ी हार्दिक राठी की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले में लापरवाही पाए जाने पर अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। साथ ही सभी स्टेडियमों में लगे खेल उपकरणों की स्थिति की रिपोर्ट भी मांगी गई है।
पंजाब के राजनीतिक बयानबाज़ी पर प्रतिक्रिया देते हुए सैनी ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को संवेदनशील मुद्दों पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नशा–मुक्त पंजाब का वादा करने के बावजूद आज राज्य में युवाओं का भविष्य नशे की वजह से खतरे में है।
सिख परंपरा के सम्मान का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सिख गुरुओं के सम्मान में ऐतिहासिक कार्य किए हैं, जिनमें अफगानिस्तान से श्री गुरु ग्रंथ साहिब के तीन पवित्र स्वरूपों को सुरक्षित लाना और करतारपुर कॉरिडोर का निर्माण प्रमुख है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस जनता को भ्रमित करने में लगी हैं।
इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।






