नयी दिल्ली, 25 नवंबर 2025: दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (DSGMC) के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका ने बताया कि श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी तथा उनके साथ शहादत के समय अडोल खड़े रहे महान गुरसिख—भाई मती दास जी, भाई सती दास जी और भाई दियाला जी—की 350वीं शहीदी स्मृति को समर्पित लाल किला मैदान में चल रहा विशाल समारोह आज दूसरे दिन भी पूर्ण श्रद्धा, कीर्तन और गुरबाणी की पवित्र रौशनी के साथ आरंभ हुआ।
समारोह के पवित्र अवसर पर देश के गृह मंत्री श्री अमित शाह ने उपस्थित होकर श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की अतुलनीय शहादत को नमन किया और गुरुघर से आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसके साथ ही दिल्ली की मुख्य मंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता, उनकी पूरी कैबिनेट तथा रेल मंत्री श्री रवनीत बिट्टू ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर संगत के साथ मिलकर सिमरन किया और गुरु साहिब की त्यागमयी बाणी से प्रेरणा प्राप्त की।
लाल किला मैदान का यह आध्यात्मिक वातावरण संगत की अटूट श्रद्धा, सेवा और समर्पण से और भी प्रकाशमान दिखाई दिया। चारों ओर “सरबत का भला” का विश्वव्यापी संदेश गूंज रहा था।
अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका ने कहा कि यह समारोह हमें याद दिलाता है कि गुरु तेग बहादुर साहिब जी द्वारा मानवता और धर्म की रक्षा के लिए दी गई सर्वोच्च कुर्बानी सदैव अमर है। उन्होंने बताया कि DSGMC और दिल्ली सरकार मिलकर इस ऐतिहासिक अवसर को वैश्विक स्तर पर उजागर करने के लिए पूर्णतः तत्पर हैं।






