श्री आनंदपुर साहिब, 25 नवंबर 2025: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने *खालसे की पवित्र धरती* श्री आनंदपुर साहिब से एक और अहम घोषणा की है। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार अब राज्य के तीन पवित्र शहरों—श्री अमृतसर साहिब, श्री आनंदपुर साहिब और तलवंडी साबो—में लोगों और श्रद्धालुओं के लिए *मुफ्त आवागमन सेवाएं* शुरू करने जा रही है।
मुख्यमंत्री मान ने बताया कि हाल ही में पंजाब विधानसभा में प्रस्ताव पारित कर इन तीनों ऐतिहासिक नगरों को ‘पवित्र शहर’ का दर्जा दिया गया है। इसी क्रम में सरकार जल्द ही इन शहरों में मुफ्त मिनी बसें और ई-रिक्शा चलाएगी।
इस सुविधा का मुख्य उद्देश्य यह होगा कि धार्मिक स्थानों पर आने वाले श्रद्धालुओं और शहर के भीतर आवागमन करने वाले आम नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो। मुफ्त परिवहन सेवा से स्थानीय निवासियों, बुजुर्गों और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।
सरकार का कहना है कि यह कदम पवित्र नगरों की गरिमा बनाए रखते हुए उनकी पहुंच और सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।






